बुधवार, 6 अप्रैल 2011

विष्णु मंदिर के पत्थरशिल्प बोलते हैं...

जाज्वल्य देव की नगरी जांजगीर में लाल बलुआ पत्थरों से निर्मित विष्णु ‘‘नकटा’’ मंदिर के पत्थरशिल्प बोलते हैं। मंदिर में जड़े पत्थर शिल्प में पुरातनकालीन परंपरा को दर्शाया गया है। यह मंदिर कल्चुरी काल की मूर्तिकला का अनुपम उदाहरण है, जिसे 12 वीं शताब्दी में निर्माण की मान्यता है।

एक नवम्बर 2000 को देश के 27 वें राज्य के रूप में नवोदित भारत के मध्य दक्षिणी पूर्वी क्षेत्र में स्थित जांजगीर-चांपा जिले की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों का देश के इतिहास निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। जिले के प्राचीन मंदिरों में कला के वे नमूने हैं, जहां कोई लिपिबद्ध इतिहास न कहकर साक्षात् स्वरूप के दर्शन होते हैं। सर्वाधिक प्राचीन होने का श्रेय किसे है, यह तो क्रमशः परिवर्तित सत्य है, किन्तु इतिहास के झरोखों में जाज्वल्य देव द्वारा निर्मित विष्णु मंदिर प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है, जिसका निर्माण 12 वीं शताब्दी में होना बताया जाता है। विष्णु मंदिर कचहरी चौक से आधा किलोमीटर की दूरी पर जांजगीर की पुरानी बस्ती के समीप है। यह मंदिर कल्चुरी कालीन मूर्तिकला का अनुपम उदाहरण है। लाल बलुआ पत्थरों से निर्मित इंस मंदिर की दीवारें भगवान विष्णु के अनेकों रूपों के अलावा अन्य देवताओं कुबेर, सूर्यदेव, ऋषि मुनियों, देवगणिकाओं की मूर्तियों से सुसज्जित किन्तु खंडित है। विष्णु मंदिर के पास ही कल्चुरी काल का एक शिव मंदिर भी है। मंदिर का अधिष्ठान पांच बंधनों में विभक्त है। नीचे के बंधन सादे किन्तु उपरी बंधनों में रत्न पुष्प अलंकरण है। अधिष्ठान के पश्च में गजधर दो भागों में विभक्त है। अंतराल और गर्भगृह के भद्ररथों पर देव कोष्ठ हैं। कर्णरथों पर दिपाल एवं अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं उकेरी गई है।

विष्णु
मंदिर के अधू
रा होने के कारण कई लोग इसे ‘नकटा मंदिर’ भी कहते हैं। मंदिर के आसपास सैकड़ों प्राचीनकालीन मूर्तियां धूल खाती पड़ी हुई है, जबकि कई मूर्तियों को पुरानी बस्ती के लोगों ने अपने घरों में रख लिया है। विष्णु मंदिर के बगल में ही विशाल भीमा तालाब है। सैकड़ों एकड़ क्षेत्रफल में फैल भीमा तालाब को भीम ने बनाया था, ऐसी मान्यता है। शहर के प्रबुद्ध लोग कहते है कि विष्णु मंदिर को भले ही पुरातत्व विभाग ने संरक्षित क्षेत्र घोषित किया है, लेकिन कागजों में ही नहीं, बल्कि यथार्थ में इसे संरक्षण की आवश्यकता है।

0 टिप्पणियाँ (+add yours?)

एक टिप्पणी भेजें